रामपुर, स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्वक मनाए जाने के संबंध में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव एवं देशभक्ति का पर्व है, इसलिए जनपद में आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों को पूरी गरिमा, अनुशासन एवं आपसी समन्वय के साथ संपन्न कराया जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा कार्यक्रमों के दौरान आवश्यक सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट सालिक राम ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गांधी समाधि से स्वार रोड पर 5 किलोमीटर की क्रॉस कंट्री रेस और छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी। जिलाधिकारी ने प्रभात फेरी के दौरान यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा के समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी भवनों, गांधी समाधि और सभी शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान का आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि स्वच्छता अभियान के दौरान सफाई कार्य को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए तथा जलभराव, कूड़ा निस्तारण एवं साफ-सफाई की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता दिवस के सभी कार्यक्रमों में आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम स्थलों पर पेयजल, साफ-सफाई, विद्युत, चिकित्सा सहायता, सुरक्षा एवं यातायात संबंधी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर जनपद के प्रत्येक नागरिक में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक समरसता की भावना को और मजबूत करने के लिए प्रभावी कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए निर्देशित किया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र अपर पुलिस अधीक्षक, अनुराग सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सालिक राम, जिला विकास अधिकारी हरिश्चंद्र प्रजापति सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
