नगर पालिका कर्मचारियों की हड़ताल 11 अगस्त तक बढ़ी
10 को जेलभरो आंदोलन, बीरु वाल्मीकि हत्याकांड पर सौंपा जाएगा ज्ञापन
Ellenabad, August 8 (एम पी भार्गव): नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा ने सरकार के टालमटोल रवैये के कारण अपनी हड़ताल को 9, 10 और 11 अगस्त 2026 तक के लिए बढ़ाने का फैसला लिया है।
संघ के राज्य प्रधान नरेश शास्त्री और महासचिव मांगेराम तिगरा ने बताया कि हरियाणा सरकार और नगर पालिका कर्मचारी संघ के बीच 1 मई से 14 मई 2026 तक 14 दिन की हड़ताल हुई थी। 13 मई को सरकार ने संघ की राज्य कमेटी के शीर्ष नेतृत्व को बातचीत के लिए बुलाकर लगभग साढ़े छह घंटे चर्चा की। इसमें 22 सूत्रीय मांग पत्र में से 17 मांगों पर सहमति बन गई थी।
लेकिन सरकार के टालमटोल रवैये से नाराज होकर संघ ने दोबारा आंदोलन का नोटिस दिया। सरकार ने 29 जुलाई और 5 अगस्त को बातचीत के लिए बुलाया, लेकिन वहां भी कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। इसके चलते 6, 7 और 8 अगस्त को तीन दिन की हड़ताल की गई। सरकार की तरफ से कोई पत्र जारी न होने के कारण 8 अगस्त 2026 को हुई बैठक में ये निर्णय लिए गए।
संघ के 3 बड़े फैसले:
* हड़ताल 3 दिन और बढ़ी:
हड़ताल को अब 9, 10 और 11 अगस्त 2026 तक बढ़ा दिया गया है।
* 10 अगस्त को जेलभरो आंदोलन:
10 अगस्त 2026 को सभी जनसंगठनों के साथ मिलकर जेलभरो आंदोलन किया जाएगा। यह आंदोलन करनाल में बीरु वाल्मीकि की गोली मारकर हत्या के विरोध में किया जाएगा। उनके परिवार को इंसाफ दिलवाने के लिए मुख्यमंत्री के नाम जिला उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन सौंपा जाएगा।
*बिजली कर्मियों की हड़ताल में समर्थन:
बिजली कर्मचारी विभाग यूनियन द्वारा 11, 12 और 13 अगस्त को की जा रही राज्यव्यापी हड़ताल में भी नगर पालिका कर्मचारी संघ के सभी जिला और इकाई के साथी बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।
संघ ने यह भी निर्देश दिए हैं कि जिन पालिका, परिषदों और निगमों ने अभी तक संघर्ष फंड जमा नहीं किया है, वे तुरंत प्रभाव से राज्य कमेटी के पास फंड जमा करवाएं।
