एससी आयोग के चेयरमैन जसबीर सिंह गढ़ी ने श्री दरबार साहिब में टेका माथा

सर्वजन की भलाई के लिए की अरदास, गुरु घर की पवित्र परिक्रमा के किए दर्शन

-“गुरु घर से मिलता है समानता, प्रेम और भाईचारे का संदेश”: जसबीर सिंह गढ़ी

-बरनाला सफाई कर्मचारियों के मामले में आयोग ने लिया स्वतः संज्ञान, रिपोर्ट के आधार पर होगी अगली कार्रवाई: गढ़ी

 Amritsar: पंजाब एससी आयोग के चेयरमैन जसबीर सिंह गढ़ी ने आज सचखंड श्री दरबार साहिब में नतमस्तक होकर गुरु घर का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने पवित्र परिक्रमा के दर्शन किए, माथा टेका और सर्वजन की भलाई के लिए अरदास की। आध्यात्मिक माहौल में उन्होंने कुछ समय गुरबाणी कीर्तन भी श्रवण किया।

श्री दरबार साहिब में नतमस्तक होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए जसबीर सिंह गढ़ी ने कहा कि गुरु घर पूरी मानवता को समानता, प्रेम, आपसी भाईचारे और सांझ का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि श्री दरबार साहिब ऐसा पवित्र स्थान है, जहां हर वर्ग और हर धर्म के लोग बिना किसी भेदभाव के नतमस्तक होते हैं।

गुरु साहिबानों की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गुरु साहिबानों ने सदियों पहले समाज में जात-पात और भेदभाव की दीवारों को खत्म करने का संदेश दिया था। संगत और पंगत की परंपरा के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति को समानता का दर्जा दिया गया। उन्होंने कहा कि समाज में समानता और मानव सम्मान की भावना को मजबूत करना आज भी समय की आवश्यकता है।

भारतीय संविधान द्वारा नागरिकों को दिए गए समानता के अधिकारों का जिक्र करते हुए जसबीर सिंह गढ़ी ने कहा कि गुरु साहिबानों की विचारधारा मानवता को समानता और सम्मान के साथ जीवन जीने का मार्ग दिखाती है। उन्होंने कहा कि समाज में किसी भी प्रकार के भेदभाव को समाप्त करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है।

इस दौरान बरनाला में सफाई कर्मचारियों के साथ हुई घटना को लेकर पूछे गए सवाल पर एससी आयोग के चेयरमैन ने कहा कि आयोग द्वारा इस मामले का स्वतः संज्ञान लिया गया था। उन्होंने बताया कि मामले में संबंधित डीएसपी को पहले ही निलंबित किया जा चुका है।

जसबीर सिंह गढ़ी ने कहा कि पीड़ितों को आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ मुफ्त इलाज की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा मामले को गंभीरता से देखा जा रहा है और प्रशासन से मांगी गई रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद तथ्यों के आधार पर उचित अगली कार्रवाई की जाएगी।

चेयरमैन ने कहा कि एससी आयोग का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जातियों से संबंधित लोगों के अधिकारों की रक्षा करना और उनके साथ होने वाले किसी भी प्रकार के भेदभाव या अन्याय के मामलों में उचित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि समाज में समानता, सद्भावना और भाईचारे की भावना को और अधिक मजबूत किया जाएगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.