सीमा पार तस्करी मॉड्यूल से जुड़े पांच आरोपी 21 किलो हेरोइन, 970 ग्राम आईसीई और एक पिस्तौल सहित गिरफ्तार
मुख्य आरोपी विदेश में बैठे तस्कर के सीधे संपर्क में था: डीजीपी गौरव यादव
– विदेशी तस्कर ने हेरोइन और अवैध हथियारों की तस्करी में की थी मदद: सीपी
Amritsar: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशानुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के अभियान के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए सीमा पार से नशा और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 21.299 किलोग्राम हेरोइन, 970 ग्राम आईसीई (मेथामफेटामाइन), एक .30 बोर अवैध पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। यह जानकारी आज पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गगन उर्फ डिस्का (23) और जसपिंदर सिंह (25) निवासी गांव निकोसरन, जिला गुरदासपुर, सुखप्रीत सिंह उर्फ सुख (30) निवासी अड्डा जैंतीपुर, अमृतसर देहात, अभिषेक सभरवाल उर्फ अभि (25) निवासी शर्मा कॉलोनी, अमृतसर तथा मनप्रीत सिंह उर्फ मन्नू (26) निवासी गांव चन्नणके, अमृतसर देहात के रूप में हुई है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी विदेश में बैठे एक तस्कर के सीधे संपर्क में था। वही तस्कर अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से हेरोइन और अवैध हथियारों की तस्करी कराने में मदद कर रहा था, जिन्हें आगे सप्लाई किया जाना था। उन्होंने बताया कि इस सीमा पार तस्करी नेटवर्क के पूरे तंत्र और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है।
ऑपरेशन की जानकारी साझा करते हुए पुलिस कमिश्नर, अमृतसर ने बताया कि पुलिस टीमों ने पुख्ता सूचना के आधार पर पहले गगन उर्फ डिस्का और जसपिंदर सिंह को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान आरोपियों के खुलासे के आधार पर पुलिस ने 1.01 किलोग्राम हेरोइन और 970 ग्राम आईसीई भी बरामद की।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि आगे की जांच में गिरफ्तार आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सुखप्रीत उर्फ सुख, अभिषेक सभरवाल उर्फ अभि और मनप्रीत उर्फ मन्नू को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 20.2 किलोग्राम हेरोइन बरामद की।
उन्होंने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि सुखप्रीत उर्फ सुख एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट तथा आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।
इस संबंध में थाना एयरपोर्ट, अमृतसर में आर्म्स एक्ट की धारा 25(6,7,8) तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-सी, 22-सी और 29 के तहत एफआईआर नंबर 24, दिनांक 29 जुलाई 2026 दर्ज की गई है।
