माय भारत द्वारा “नशा मुक्त युवा- विकसित भारत संकल्प अभियान” के अंतर्गत प्रधानमंत्री के वर्चुअल संवाद का सफल आयोजन

रामपुर: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार माय भारत द्वारा 2 अगस्त 2026 को “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान” के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संवाद का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने, स्वस्थ समाज के निर्माण तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने हेतु प्रेरित करना था।

इस अवसर पर जवाहर नवोदय विद्यालय, रामपुर में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रधानाचार्य करण सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है तथा युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक ऊर्जा का उपयोग करना चाहिए।

उन्होंने सभी विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं उपस्थित युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन देखा तथा उनके द्वारा दिए गए संदेशों से प्रेरणा प्राप्त की। तत्पश्चात सभी प्रतिभागियों ने “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” की सामूहिक शपथ ग्रहण की तथा माय भारत पोर्टल पर एक करोड़ नशा मुक्त युवा संकल्प अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

साथ ही जिला युवा अधिकारी मीनू बोहरा द्वारा उपस्थित युवाओं को माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण, स्वयंसेवा एवं विभिन्न राष्ट्रीय अभियानों में सहभागिता के बारे में जानकारी दी तथा अधिक से अधिक युवाओं से नशामुक्त भारत एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, माय भारत युवा स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.