रामपुर: विकास के नाम पर विनाश; जनता परेशान, प्रशासन मौन
रामपुर में मासूम की मौत पर सियासत तेज, सपा और कांग्रेस ने नगर पालिका पर साधा निशाना
- रिपोर्ट: शाहबाज़ खां
Rampur: खुले नाले में गिरने से मासूम बच्चे की मौत के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए घटना को घोर लापरवाही का परिणाम बताया है। साथ ही मृतक परिवार को आर्थिक सहायता देने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष (विधि प्रकोष्ठ) काशिफ कामरान खान ने कहा कि मासूम बच्चे की डूबकर हुई मौत नगर पालिका की बड़ी लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित वार्ड के जनप्रतिनिधि, नगर पालिका प्रशासन और अन्य जिम्मेदार लोगों ने समय रहते खुले नाले को ढकने की व्यवस्था नहीं की। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए विकास के वादे पूरे नहीं किए गए और जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है।
वहीं, कांग्रेस के पूर्व शहर अध्यक्ष नोमान खान ने भी नगर पालिका परिषद पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष सफाई अभियान के दौरान नालों और नालियों पर लगी स्लैब हटाई गई थीं, लेकिन आज तक उन्हें दोबारा नहीं लगाया गया। उनकी अनदेखी के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।
नोमान खान ने मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग करते हुए कहा कि पिछले एक वर्ष से खुले नालों की शिकायतें लगातार की जा रही हैं, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में विकास कार्यों की बजाय भ्रष्टाचार और लापरवाही हावी है।
दोनों नेताओं ने नगर पालिका प्रशासन से खुले नालों को तत्काल ढकने, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
नोट: यह समाचार संबंधित राजनीतिक नेताओं द्वारा दिए गए बयानों और आरोपों पर आधारित है। इन आरोपों पर नगर पालिका प्रशासन या संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।
