“139 रेल मदद हेल्पलाइन की सक्रियता से कृषक एक्सप्रेस की गंभीर महिला यात्री को मिला समय पर उपचार”

  • वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा

वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुश्री प्रशस्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में वाराणसी मंडल के कर्मयोगी कर्मचारी यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर तत्पर हैं। इसी क्रम में 139 रेल मदद हेल्पलाइन पर प्राप्त सूचना के आधार पर रेलवे की वाणिज्यिक एवं चिकित्सा टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक गंभीर महिला यात्री को समय पर उपचार उपलब्ध कराया।

15007 कृषक एक्सप्रेस से यात्रा कर रही लगभग 30 वर्षीय महिला यात्री गोलू निवासी बधुआ गोदाम, की मऊ स्टेशन के निकट अचानक तबीयत गंभीर हो गई। ऑक्सीजन स्तर अत्यधिक कम होने तथा हृदय संबंधी समस्या के कारण महिला की स्थिति चिंताजनक हो गई। उनके परिजनों ने तत्काल 139 रेल मदद हेल्पलाइन पर सहायता का अनुरोध किया।

सूचना प्राप्त होते ही मुख्य टिकट निरीक्षक श्री राम प्रभाव यादव ने रेलवे चिकित्सा टीम को तत्काल सूचित किया। कृषक एक्सप्रेस के मऊ स्टेशन पहुंचते ही मंडल रेलवे चिकित्सक डॉ. पुनीत राव अपनी टीम के साथ ऑक्सीजन सिलेंडर एवं आवश्यक चिकित्सा उपकरणों सहित मौके पर पहुंचे। टीम ने महिला को तत्काल प्राथमिक उपचार एवं ऑक्सीजन सहायता प्रदान की, जिससे उनकी स्थिति में सुधार हुआ।

प्राथमिक उपचार के उपरांत बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु महिला यात्री को एम्बुलेंस द्वारा जिला चिकित्सालय, मऊ रेफर किया गया।

रेलवे की वाणिज्यिक एवं चिकित्सा टीम की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता एवं समर्पित सेवा की महिला के परिजनों तथा अन्य यात्रियों ने मुक्त कंठ से सराहना करते हुए रेलवे प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

वाराणसी मंडल यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा के प्रति सदैव प्रतिबद्ध है तथा किसी भी आपात स्थिति में 139l रेल मदद हेल्पलाइन के माध्यम से यात्रियों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.