महिला पुलिसकर्मी और उसके पति पर रेप व धोखाधड़ी के गंभीर आरोप, पीड़िता ने पुलिस आयुक्त से लगाई न्याय की गुहार

नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये हड़पने, नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप; निष्पक्ष जांच की मांग

गाजियाबाद। मोदीनगर थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात एक महिला कांस्टेबल और उसके पति के खिलाफ एक महिला ने दुष्कर्म, धोखाधड़ी, धमकी और आर्थिक शोषण समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पुलिस आयुक्त (सीपी) गाजियाबाद को प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले में निष्पक्ष जांच, एफआईआर दर्ज करने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

पीड़िता के अनुसार, मुजफ्फरनगर में तैनात महिला कांस्टेबल मीनाक्षी त्यागी और उनके पति जोनी त्यागी, निवासी मोदीनगर, ने उसे नौकरी दिलाने का झांसा देकर सिखेड़ा रोड स्थित एक फैक्ट्री में काम पर रखा। आरोप है कि दोनों ने मकान दिलाने का भरोसा देकर पीड़िता के पेटीएम खाते से लाखों रुपये निकलवा लिए।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 20 अप्रैल 2026 को फैक्ट्री में काम के दौरान पीड़िता को कथित तौर पर पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिससे वह बेहोश हो गई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी जोनी त्यागी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का कहना है कि विरोध करने पर उसे पुलिस में तैनात अपनी पत्नी के प्रभाव का डर दिखाते हुए फर्जी एनकाउंटर कराने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि जब उसने शिकायत करने की कोशिश की तो उसे लगातार डराया-धमकाया गया। प्रार्थना पत्र में आरोपियों पर अन्य नाबालिग बच्चियों के यौन शोषण से जुड़े गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।

पीड़िता का कहना है कि स्थानीय थाना पुलिस ने उसकी शिकायत पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उसने पुलिस आयुक्त से मामले में एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने और अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

फिलहाल इस मामले में पुलिस या आरोपित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.