बाराबंकी में पत्नी ने रची पति की हत्या की खौफनाक साजिश, देवरों संग मिलकर ईंट से मार डाला

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने अपने पति की हत्या की साजिश रचते हुए पहले उसके खाने में नींद की गोलियां मिलाकर उसे बेहोश किया और फिर अपने देवरों के साथ मिलकर ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए शव को बोरी में भरकर स्कूटी से ले जाकर सतरिख थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर माइनर में फेंक दिया।

पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई को सतरिख क्षेत्र स्थित सिकंदरपुर माइनर से करीब 38 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। जांच के दौरान मृतक की पहचान लखनऊ के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के मीसा गांव निवासी रामतीरथ रावत के रूप में हुई।

मामले में 10 जुलाई को मृतक के पिता दयाराम की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने साक्ष्यों और जांच के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके दो देवरों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हत्या की साजिश और उसके पीछे की वजहों का पता लगाया जा रहा है। वहीं, इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.