रामपुर व्यापार मंडल के जनता दरबार में गूंजीं नगर पालिका की समस्याएं, कूड़ा डंपिंग, जलभराव और टैक्स वृद्धि पर जताया विरोध

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान

रामपुर। शहर के तिलक नगर कॉलोनी स्थित व्यापार मंडल कार्यालय में दोपहर 12 बजे जनता दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने हिस्सा लिया और अपनी समस्याएं संगठन के पदाधिकारियों के सामने रखीं। अधिकांश शिकायतें नगर पालिका परिषद रामपुर की कार्यप्रणाली से जुड़ी रहीं।

व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप अग्रवाल सोनी ने कहा कि पीले तालाब क्षेत्र शहर का प्रमुख बाजार है, लेकिन यहां कूड़ा डंपिंग सेंटर बनाए जाने से व्यापारियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप था कि आसपास के करीब एक किलोमीटर क्षेत्र का कूड़ा बाजार के बीचों-बीच एकत्र किया जा रहा है, जिससे दुर्गंध फैल रही है और आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने डंपिंग सेंटर को तत्काल अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की।

उन्होंने हाउस टैक्स और वॉटर टैक्स में की गई वृद्धि का भी विरोध किया। संदीप अग्रवाल ने कहा कि व्यापार मंडल के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जीआईएस सर्वे के बाद किसी भी प्रकार का टैक्स नहीं बढ़ाने के निर्देश जारी किए गए हैं, इसके बावजूद नगर पालिका बढ़ी हुई दरों को वापस लेने की घोषणा नहीं कर रही है।

जनता दरबार में शहर के विभिन्न इलाकों में जलभराव की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। व्यापारियों ने बताया कि जेल रोड, हाथी खाना, बरेली गेट, मक्का मदीना मस्जिद क्षेत्र, थाना टिन चौकी के पास, कचहरी, राहे रजा रोड, मिस्टनगंज, मामू का ताजिया, मीठा कुआं और बेरियां समेत कई स्थानों पर लगातार जलभराव हो रहा है। उनका आरोप है कि नालों की समय पर सफाई न होने के कारण बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष राजीव शर्मा, विष्णु रस्तोगी, नदीम खान, नजाकत अली रयान, परवेज खान, लालमन सैनी, टिल्लू मेंबर सहित व्यापार मंडल के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। व्यापारियों ने नगर पालिका प्रशासन से समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.