ऐलनाबाद, 11 जुलाई (एम पी भार्गव): पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन निर्देशानुसार चलाए जा रहे नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत जिला की ऐलनाबाद थाना पुलिस ने गश्त व चैंकिग के दौरान महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अफीम बरामदगी मामलें में मुख्य सप्लायर को गांव बाहिया, जिला सिरसा से काबू कर लिया है। गौरतलब है कि 01 जून 2026 को जिला सीआईए ऐलनाबाद पुलिस टीम ने गश्त के दौरान पुलिस टीम ने नोहर रोड़ ऐलनाबाद क्षेत्र में एक युवक को 103 ग्राम 52 मिलीग्राम अफीम सहित काबू किया था।
ऐलनाबाद थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि उक्त अफीम सुरेश पुत्र रामचंद्र निवासी बागीची मौहल्ला ऐलनाबाद से लेकर आया था। ऐलनाबाद थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों व्यक्तियों के खिलाफ थाना ऐलनाबाद में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की गई थी ।
जांच के दौरान ऐलनाबाद थाना पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सप्लायर आरोपी सुरेश पुत्र रामचंद्र निवासी बागीची मौहल्ला ऐलनाबाद को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।
