मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 1000 जोड़ों का विवाह सम्पन्न

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद, आयोजन बेटियों के सम्मान और आत्मनिर्भरता का बना प्रेरक

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खां

रामपुर जनपद में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत फिजिकल ग्राउंड में आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह सामाजिक समरसता, बेटी सम्मान और जनकल्याण का प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया। समारोह में 1000 जोड़ों का विवाह एवं निकाह उनकी धार्मिक परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। पूरे आयोजन में उल्लास, सांस्कृतिक गरिमा और आत्मीयता का वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य डाॅ. हरि सिंह ढिल्लो, शहर विधायक आकाश सक्सेना, मिलक विधायक राजबाला सिंह, राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता सैनी, जिला प्रभारी राजा वर्मा, जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी तथा मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दाम्पत्य जीवन की कामना की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद सभी अतिथियों ने विवाह मंडपों का भ्रमण कर नवदंपतियों से भेंट की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। विवाह स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया।

पारंपरिक मंडप, पुष्प सज्जा, मंगलगीत, शहनाई की मधुर धुन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को उत्सव का स्वरूप प्रदान किया। हिंदू एवं मुस्लिम समुदाय के जोड़ों के विवाह एवं निकाह एक ही परिसर में सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुए, जो सामाजिक समरसता और संस्कृति की सुंदर मिसाल बने।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। यह योजना आर्थिक सहायता के साथ-साथ बेटियों को सम्मानपूर्वक नए जीवन की शुरुआत का अवसर भी प्रदान कर रही है।

सरकार बेटियों के उत्थान के लिए शिक्षा, सुरक्षा, स्वावलंबन और विवाह तक अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर रही है। प्रदेश सरकार द्वारा प्रदान की जा रही आर्थिक सहायता एवं उपहार सामग्री नवदंपतियों के नए जीवन की मजबूत शुरुआत का आधार बन रही है।
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र परिवार तक योजना का लाभ पारदर्शी एवं सम्मानजनक ढंग से पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने सभी नवदंपतियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना सामाजिक सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

समारोह में प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को शासन की व्यवस्था के अनुसार जीवनोपयोगी उपहार सामग्री भी प्रदान की गई। इनमें घरेलू उपयोग की विभिन्न आवश्यक वस्तुएं, वस्त्र तथा अन्य उपयोगी सामग्री शामिल रही, जिससे नवदंपति आत्मनिर्भर जीवन की शुरुआत कर सकें।

कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, स्वच्छता, सुरक्षा, पार्किंग तथा अन्य सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रूप से सुनिश्चित की गई थीं।

योजना की विशेषताएं:
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत अब प्रत्येक विवाह पर ₹1,00,000 का प्रावधान किया गया है। इसमें 64,000 रुपये कन्या के बैंक खाते में, 21,000 रुपये मूल्य की उपहार सामग्री( ट्रॉली बैग, लड़का लड़की के लिए कपड़े, डिनर सेट, कुकर, कढ़ाई, गद्दे, कंबल, वाटर कूलर इत्यादि) और 15,000 रुपये आयोजन की व्यवस्था पर व्यय किए जाते हैं।

योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराना तथा उन्हें नए जीवन की सशक्त शुरुआत उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के लिए आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन किए जाते हैं। पात्र लाभार्थियों का चयन निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाता है, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ मिल सके ………जिला समाज कल्याण अधिकारी सूरज कुमारी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.