- रिपोर्ट: इंतज़ार हुसैन
बदायूं। उत्तर प्रदेश शासन एवं जिलाधिकारी बदायूं के निर्देशानुसार 1 जुलाई से 15 जुलाई तक संचालित ‘सेफ फ्यूचर अभियान’ के तहत दूसरे दिन परिवहन विभाग ने स्कूली वाहनों और माल वाहनों के खिलाफ व्यापक जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीमों ने विभिन्न स्कूल परिसरों में खड़े 64 स्कूली वाहनों का गहन निरीक्षण किया। वहीं प्रवर्तन दलों ने सड़कों पर 41 वाहनों की जांच की। जांच के दौरान 5 स्कूली वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, जिनके विरुद्ध विभाग ने चालान की कार्रवाई की।

इसके अलावा अनधिकृत रूप से संचालित दो बसों को सीज किया गया। वहीं ओवरलोड एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले पांच माल वाहनों को परिवहन कार्यालय बदायूं में सीज किया गया। इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 7 वाहनों को सीज किया गया।
इस विशेष अभियान का उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना तथा सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराना है। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि अभियान 15 जुलाई तक लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) हरिओम, यात्री/मालकर अधिकारी अभिनव चौधरी सहित परिवहन विभाग के सभी कर्मचारी मौजूद रहे।
