पेपर लीक पर बवाल: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर मिर्जापुर में RYA-AISA का प्रदर्शन, ज्ञापन सौंपा
- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
मिर्जापुर: पेपर लीक के खिलाफ दिल्ली में चल रही भूख हड़ताल के समर्थन में आज मिर्जापुर में RYA और AISA के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पर नारेबाजी की और ज्ञापन सौंपा।
RYA के जिला अध्यक्ष ने कहा, “लगातार पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य बर्बाद हो रहा है। शिक्षा मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफा दें।” AISA कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सभी भर्ती परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से हों और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। ज्ञापन में NTA को भंग करने की मांग भी शामिल थी। दिल्ली में चल रही भूख हड़ताल को समर्थन देते हुए छात्रों ने चेतावनी दी कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज होगा।
