- रिपोर्ट: शाहबाज़ खान
रामपुर। वीर खालसा सेवा समिति ने सामाजिक सरोकार निभाते हुए एक निर्धन परिवार की बेटी की शादी में घरेलू सामान और आर्थिक सहयोग प्रदान किया। समिति के इस मानवीय प्रयास की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
समिति के जिलाध्यक्ष अवतार सिंह ने बताया कि संगठन अब तक 715 जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी में सहयोग कर चुका है और भविष्य में भी यह सेवा कार्य निरंतर जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि शहर निवासी सुमन के माता-पिता का निधन हो चुका है, जबकि उसका भाई मानसिक रूप से अस्वस्थ (मंदबुद्धि) है। सुमन की शादी चार दिन बाद होने वाली है। ऐसे में समिति ने उसके परिवार को घरेलू उपयोग का आवश्यक सामान और नकद राशि देकर विवाह की तैयारियों में सहयोग किया।
अवतार सिंह ने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है और समिति समय-समय पर ऐसे सेवा कार्य करती रहेगी।
इस अवसर पर सरदार निर्मल सिंह, सुनील अग्रवाल, सुरजीत सिंह, गुरपेज सिंह और अमनदीप सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
