- रिपोर्ट: प्राची सिंह
1-कॉमर्शियल गैस सिलेंडर ओसतन 180 रुपए सस्ता
तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर औसतन ₹180 रुपए तक सस्ता कर दिया है। दिल्ली में इसकी कीमत ₹2930 हो गई है। पहले ये ₹3113.50 में मिल रहा था।
कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम घटने से रेस्टोरेंट मालिकों का खर्च घटेगा। ऐसे में वे चाय, नाश्ते और थाली सस्ते कर सकते हैं। शादियों की कैटरिंग भी सस्ती हो सकती है।
2. डीजल की बिक्री पर लिमिट 1 जुलाई से हटी
अब पेट्रोल पंपों पर एक गाड़ी में एक दिन में सिर्फ 200 लीटर डीजल भरने की सीमा खत्म हो गई है, यानी अब आप अपनी गाड़ी में जितना चाहें उतना डीजल भरवा सकेंगे। इसके साथ ही फैक्ट्रियों और कॉमर्शियल खरीदारों पर लगी रोक भी हटा दी गई है
3. पासपोर्ट बनवाना महंगा हुआ
केंद्र सरकार ने पासपोर्ट की फीस में बढ़ोतरी की है, जो 1 जुलाई से लागू हो गई है। इससे पहले 2012 में पासपोर्ट की फीस बढ़ाई गई थी। यानी 14 साल बाद ये बढ़ोतरी हुई है।
अब नया पासपोर्ट बनवाने या पुराने पासपोर्ट को री-इश्यू कराने वाले नागरिकों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा और उन्हें ₹1,000 से लेकर ₹2,000 तक अधिक खर्च करने होंगे।
4. ट्रेन में बिना टिकट यात्रा पर देना पड़ेगा दोगुना जुर्माना
रेल मंत्रालय ने ट्रेन में बिना टिकट यात्रा करने पर लगने वाले न्यूनतम जुर्माने को ₹250 से बढ़ाकर ₹500 कर दिया है। अब पकड़े जाने पर यात्री को टिकट के वास्तविक किराए के साथ कम से कम ₹500 का चार्ज देना होगा। इसके अलावा, मामला मजिस्ट्रेट कोर्ट में जाने और दोषी पाए जाने पर अधिकतम 6 महीने की जेल, ₹1,000 का जुर्माना या दोनों सजाएं हो सकती हैं।
5. पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 रुपए सस्ता हुआ
प्राइवेट फ्यूल रिटेलर कंपनी नयारा एनर्जी ने पेट्रोल 5 रुपए प्रति लीटर और डीजल 3 रुपए प्रति लीटर सस्ता कर दिया है। नयारा के देशभर में 7000 हजार से ज्यादा पेट्रोल पंप हैं। पिछले दो साल से ज्यादा समय में यह पहली बार है जब किसी कंपनी ने देश में पेट्रोल-डीजल के दाम घटाए हैं।
6. आधार कार्ड में फ्री अपडेट
UIDAI ने 1 जुलाई से आधार कार्ड पर ईमेल एड्रेस को अपडेट कराने के लिए लगने वाली ₹75 की फीस को हटा दिया है। यह सर्विस अगले छह महीने यानी 31 दिसंबर, 2026 तक मुफ्त रहेगी। इस समयसीमा के खत्म होने के बाद ही दोबारा चार्ज लिया जाएगा।
7. कार खरीदना आज से महंगा
ज्यादातर ऑटोमोबाइल कंपनियों ने 1 जुलाई से अपने वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। इसके तहत किया इंडिया ने अपने सभी वाहनों की रेंज में 2% तक की बढ़ोतरी की है, जबकि टाटा मोटर्स कीमतों में 1.5% तक की बढ़ोतरी करने जा रही है।
8-आईटीआर दाखिल करने की डेडलाइन और चूकने पर क्या होगा?
वित्तीय वर्ष 2025-26 (आकलन वर्ष 2026-27) के लिए ITR-1 और ITR-2 फॉर्म भरने की अंतिम तारीख 31 जुलाई, 2026 तय की गई है। अगर आप इस तय समय सीमा के भीतर अपना रिटर्न दाखिल नहीं करते हैं, तो आपको भारी जुर्माना भरना पड़ सकता है। इसके अलावा, रिटर्न में देरी होने पर कुछ खास टैक्स रिजीम को चुनने पर रोक लग सकती है और आपको होने वाले नुकसान को आगे के वर्षों के लिए कैरी फॉरवर्ड करने में भी पाबंदियों का सामना करना पड़ सकता है।
9-एस०बी०आई० और एच०डी०एफ०सी० क्रेडिट कार्ड के नियमों में सख्ती की गई है?
क्रेडिट कार्ड यूजर्स को अब अपने खर्च के तरीकों पर ध्यान देना होगा। एस०बी०आई० कार्ड ने एक जुलाई से अपने ‘फोन-पे, एस०बी०आई० क्रेडिट कार्ड्स’ और सेलेक्ट ब्लैक के रिवॉर्ड पॉइंट प्रोग्राम में बदलाव किया है। इसके तहत रिवॉर्ड पॉइंट्स कमाने की नई लिमिट तय की गई है और उन ट्रांजैक्शन की लिस्ट भी बढ़ाई गई है जिन पर अब ग्राहकों को कोई पॉइंट नहीं मिलेगा।
वहीं, एच०डी०एफ०सी० बैंक के क्रेडिट कार्ड धारकों को अब हर कैलेंडर तिमाही में 3 मानार्थ घरेलू एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस तभी मिलेंगे, जब उन्होंने पिछली तिमाही में कम से कम 60,000 रुपये खर्च किए हों। उदाहरण के लिए, अगर आप जुलाई-सितंबर 2026 की तिमाही में लाउंज का लाभ उठाना चाहते हैं, तो आपका अप्रैल से जून के बीच 60,000 रुपये या उससे अधिक खर्च करना अनिवार्य होगा।
