विद्यालय खुलने के दृष्टिगत हीट वेव (लू) से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियां अपनाएं–जिलाधिकारी

रामपुर- विद्यालयों के पुनः संचालन के दृष्टिगत जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी एवं हीट वेव (लू) की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने समस्त विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन से आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों को प्रतिदिन हीट वेव से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाए तथा विद्यालय परिसर में स्वच्छ पेयजल, छायादार स्थान और प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा की जा सके।

उन्होंने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की कि घर से निकलने से पहले पर्याप्त मात्रा में पानी पीकर ही विद्यालय जाएं तथा पानी की बोतल साथ रखें। हल्के रंग के सूती एवं ढीले कपड़े पहनें, अत्यधिक गर्मी में अनावश्यक धूप से बचें तथा चक्कर आना, सिरदर्द, अत्यधिक प्यास, उल्टी, कमजोरी अथवा बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल शिक्षक अथवा अभिभावक को सूचित करें।

बच्चों को पर्याप्त पानी, ओआरएस एवं मौसमी फल उपलब्ध कराएं तथा यदि बच्चा अस्वस्थ या बुखार से पीड़ित हो तो उसे विद्यालय न भेजें। जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि शासन द्वारा निर्धारित समयानुसार विद्यालय संचालित किए जाएं। प्रार्थना सभा, खेलकूद एवं अन्य बाहरी गतिविधियां सुबह अथवा शाम के अपेक्षाकृत कम गर्म समय में आयोजित की जाएं।

हीट वेव के ऑरेंज अथवा रेड अलर्ट की स्थिति में सभी आवश्यक एहतियाती उपाय अपनाए जाएं तथा हीट वेव से बचाव संबंधी पोस्टर एवं दिशा-निर्देश सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों तक पहुंचाकर उनका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि गर्मी से बचाव संबंधी सावधानियों का पालन करें तथा किसी भी व्यक्ति में हीट स्ट्रोक के गंभीर लक्षण दिखाई देने पर तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें अथवा एम्बुलेंस सेवा 108 का उपयोग करें।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.