75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त विद्यार्थियों का एमिटी अचीवर्स अवार्ड में सम्मान

ऐलनाबाद,17 जून (एम पी भार्गव): एमिटी यूनिवर्सिटी जयपुर राजस्थान द्वारा ऐलनाबाद में पहली बार एमिटी ओपन हाउस एवं एमिटी अचीवर्स अवार्ड 2026 का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में कक्षा 12वीं में 75 प्रतिशत एवं उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का स्वागत संबोधन एमिटी यूनिवर्सिटी राजस्थान के एडमिशन डायरेक्टर डॉ. अक्षय जैन ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए भविष्य की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि एमिटी अचीवर्स अवार्ड का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें उच्च शिक्षा के बेहतर अवसरों से अवगत कराना है।

डॉ. अक्षय जैन ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों, छात्रवृत्ति योजनाओं, वैश्विक अवसरों तथा वर्तमान उद्योग एवं शिक्षा क्षेत्र के नवीनतम रुझानों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप सही करियर विकल्प चुनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक सुविधाओं, प्रवेश प्रक्रिया तथा करियर संभावनाओं से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं करियर निर्माण के लिए उचित मार्गदर्शन प्रदान करना था।

शहर के जाने-माने प्रबुद्धजन सरदार बलदेव सिंह, प्रहलाद कंदोई, बेगराज सोमानी, अनिल लढ़ा, अंजनी लढ़ा, वेद प्रिय गुप्ता, सत्यनारायण पारीक, सरपंच राकेश सिहाग, श्रवण जोशी, राजेन्द्र शर्मा, संजय नोपरेवाला, नरेन्द्र गिदड़ा, अजय सिडाना, मोनू बंसल एवं तरुण बंसल ने भी अपनी उपस्थिति से समारोह की गरिमा बढ़ाई।

इस अवसर पर एमिटी यूनिवर्सिटी के प्रतिनिधि विजय कुमार शर्मा एवं सक्षम शर्मा ने विश्वविद्यालय में संचालित करियर उन्मुख पाठ्यक्रमों, उद्योगों के साथ सहयोग, इंटर्नशिप, प्लेसमेंट एवं रोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को बदलते वैश्विक रोजगार परिदृश्य के अनुरूप कौशल विकास एवं नवाचार आधारित शिक्षा के महत्व से भी अवगत कराया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.