एक्सयूवी में हेरोइन लेकर घूम रहा युवक दबोचा, लाखों की नशे की खेप व 38 हजार की नकदी बरामद

ऐलनाबाद , 26 जून (एम पी भार्गव): जिला पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशन में जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने गांव मतूवाला क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक एक्सयूवी-300 कार सवार युवक को काबू कर उसके कब्जे से लाखों रुपए कीमत की 65 ग्राम 160 मिलीग्राम हेरोइन तथा 38 हजार रुपए की ब्लैक मनी बरामद की है।

एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुखजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल की एक टीम मतूवाला-सैनपाल रोड पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान गांव मतूवाला के खेतों में बनी ढाणियों की तरफ से कच्चे रास्ते पर एक सिल्वर रंग की एक्सयूवी-300 कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम को देखकर चालक घबरा गया और अचानक गाड़ी को रिवर्स गियर लगा कर वापस भागने का प्रयास करने लगा। शक होने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवक को काबू कर नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी को मौके पर बुलाया और कार की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान गाड़ी में रखे एक डिब्बे से प्लास्टिक की पॉलिथिन में पैक 65 ग्राम 160 मिलीग्राम हेरोइन एवम 38 हजार रुपए की ब्लैक मनी बरामद हुई । गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान अजय कुमार पुत्र बलराम सिंह निवासी गांव बाहिया, हाल निवासी ढाणी मतूवाला, जिला सिरसा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना रानियां में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड के दौरान हेरोइन तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.