- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
मीरजापुर। पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में जनपद भर में चलाए गए 12 घंटे के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 81 वांछित, वारंटी, पुरस्कार घोषित एवं अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह अभियान अपराधियों की धरपकड़ और जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाया गया।
अभियान का संचालन पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन राजकुमार मीणा तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश कुमार सिंह के नेतृत्व में किया गया। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष टीमों ने दबिश देकर फरार चल रहे आरोपियों और वारंटियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, अभियान में कुल 65 वारंटी, 6 वांछित अभियुक्त तथा 10 अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार कुल 81 आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।
थानावार कार्रवाई में कोतवाली कटरा और जिगना पुलिस ने सर्वाधिक 9-9 वारंटियों को गिरफ्तार किया, जबकि अहरौरा पुलिस ने 8 तथा जमालपुर पुलिस ने 7 वारंटियों को पकड़ा। वहीं चुनार थाना क्षेत्र में 11 अभियुक्तों की गिरफ्तारी दर्ज की गई, जिसमें 4 वारंटी, 1 वांछित और 6 अन्य अभियुक्त शामिल रहे।
मीरजापुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों, वांछितों और वारंटियों के विरुद्ध इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
