रामपुर। फोटोग्राफर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की ओर से लखनऊ में इंडिया फोटो वीडियो एक्सपो-2026 का सफल आयोजन किया गया। एक्सपो में रामपुर जिला इकाई के पदाधिकारियों और फोटोग्राफर साथियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के क्षेत्र में तेजी से हो रहे तकनीकी बदलावों, आधुनिक कैमरों और नवीन उपकरणों के साथ-साथ इस क्षेत्र में उभर रही नई संभावनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की गई। एक्सपो में विभिन्न तकनीकों और उपकरणों की जानकारी ने फोटोग्राफरों को अपने काम को और बेहतर बनाने के लिए नए विकल्प उपलब्ध कराए।
इस आयोजन के माध्यम से फोटोग्राफर साथियों को अपने ज्ञान एवं अनुभव को बढ़ाने का अवसर मिला। साथ ही, विभिन्न जिलों से आए फोटोग्राफरों के बीच आपसी संवाद और संपर्क बढ़ने से संगठनात्मक एकता को भी मजबूती मिली।
रामपुर जिला इकाई ने इस शानदार आयोजन के लिए फोटोग्राफर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश चन्द्र वर्मा सहित समस्त प्रदेश पदाधिकारियों का हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
रामपुर इकाई के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी से जुड़े लोगों को नई तकनीक से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बदलती तकनीक के दौर में ऐसे एक्सपो फोटोग्राफरों को नई जानकारी और आधुनिक उपकरणों से परिचित कराने के साथ उनके व्यवसाय को नई दिशा देने में भी सहायक साबित होते हैं।
