बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 8 दुपहिया वाहन बरामद, नाबालिग सहित दो युवक पुलिस गिरफ्त में

ऐलनाबाद ,सिरसा (एम पी भार्गव): सिरसा पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर शिकंजा कसते हुए एक बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिल और तीन इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की गई हैं।

पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एबीवीटी स्टाफ सिरसा की टीम ने यह कार्रवाई की। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी मुख्यालय सुखबीर सिंह ने बताया कि गऊशाला मोहल्ला निवासी प्रमोद कुमार ने शिकायत दी थी कि वह 13 जुलाई 2024 को अपनी मोटरसाइकिल रेलवे क्रॉसिंग पुरानी कचहरी रोड स्थित कोर्ट कॉलोनी के पास खड़ी कर गया था। शाम को लौटने पर उसकी बाइक वहां से गायब मिली।

Bike theft gang busted; 8 two-wheelers recovered; two youths, including a minor, taken into police custody.

शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन सिरसा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर एबीवीटी स्टाफ की टीम ने रानियां निवासी गौरव पुत्र सोहन लाल तथा गांव झोरड़नाली निवासी जुगल किशोर उर्फ राजू पुत्र सतबीर सिंह को नजदीकी रेलवे फाटक मिनी बाइपास क्षेत्र से चोरीशुदा बाइक सहित काबू कर लिया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने शहर सिरसा की कोर्ट कॉलोनी, सांगवान चौक, नाथूसरी चोपटा क्षेत्र के गांव तरकांवाली तथा रानियां थाना क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी की कई वारदातें कबूल कीं।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की पांच बाइक बरामद कर ली हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों युवक नशा करने के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। जबकि एबीवीटी स्टाफ की एक अन्य टीम ने स्कूटी चोरी के मामले में एक नाबालिग को पुलिस अभिरक्षा में लेकर उसके कब्जे से तीन चोरीशुदा इलेक्ट्रिक स्कूटी भी बरामद की हैं।

डीएसपी सुखबीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा, जबकि नाबालिग को नियमानुसार ऑब्जर्वेशन होम करनाल भेजा जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.