गाजियाबाद। दुहाई स्थित लैंडक्राफ्ट मेट्रो होम सोसाइटी एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गई है। आरोप है कि बेटी के नामकरण समारोह में शामिल होने आए दीपक चौधरी नामक युवक के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की। घटना का वीडियो और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सीसीटीवी फुटेज और वीडियो आए सामने
बताया जा रहा है कि मारपीट की पूरी घटना सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय निवासियों में नाराजगी बढ़ गई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है।
यह भी पढ़ें- आज के युग का सुभाष चन्द्र बोस : नवीन जय हिंद
निवासियों ने जताई सुरक्षा को लेकर चिंता
सोसाइटी के लोगों का आरोप है कि परिसर में आए दिन शराब के नशे में हंगामा, विवाद और मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं। कुछ निवासियों का कहना है कि दबंग प्रवृत्ति के लोग खुलेआम दादागिरी करते हैं, जिससे आम निवासी और उनके परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
पुलिस कार्रवाई पर भी उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पूर्व में हुई घटनाओं पर समय रहते सख्त कार्रवाई की गई होती, तो इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होती। निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मामला
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। लोगों का कहना है कि आवासीय सोसाइटियों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
