500 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की मुख्य सचिव ने की समीक्षा, मोकामा-मुंगेर फोर लेन परियोजना पर विशेष जोर

लखीसराय (सरफराज़ आलम): बिहार के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप (पीएमजी) के तहत 500 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षात्मक बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में राज्यभर में संचालित बड़ी अवसंरचनात्मक परियोजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया और उनके क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों पर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान एनएच-33 मोकामा-मुंगेर फोर लेन सड़क परियोजना की प्रगति की विशेष रूप से समीक्षा की गई। भूमि अधिग्रहण, निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, लंबित मामलों और कार्य निष्पादन की गति का बिंदुवार मूल्यांकन किया गया।

मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बड़ी विकास परियोजनाओं के समय पर पूरा होने से क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही परियोजनाओं में आने वाली बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।

समीक्षा बैठक में जिला प्रशासन की ओर से परियोजना की वर्तमान स्थिति और लंबित बिंदुओं की जानकारी प्रस्तुत की गई। समीक्षा के दौरान परियोजना की प्रगति को संतोषजनक पाया गया।

लखीसराय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी राहुल कुमार तथा जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार ने बैठक में भाग लिया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.