रिपोर्ट: रघुराज सिंह
बीजपुर(सोनभद्र)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एनटीपीसी रिहंद में “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” थीम के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान परियोजना प्रमुख संजय असाटी ने कहा कि वर्तमान समय में विकास को हरित और समावेशी बनाना सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सतत विकास का उद्देश्य वर्तमान पीढ़ी की जरूरतों को पूरा करते हुए भविष्य की पीढ़ियों के हितों को सुरक्षित रखना है। कार्यक्रम के तहत लेक पार्क से शिवालिक गेस्ट हाउस (गोल्फ ग्राउंड) तक पर्यावरण पदयात्रा निकाली गई, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, महिलाओं, बच्चों तथा यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में पर्यावरण प्रबंधन समूह के विभागाध्यक्ष राजीव कुमार मित्तल ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की।
पदयात्रा के समापन के बाद आयोजित समारोह में परियोजना प्रमुख ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। बालिका सशक्तिकरण अभियान ‘सपनों की उड़ान-2026’ की प्रतिभागी बालिकाओं ने भी रैली और वृक्षारोपण में सक्रिय भागीदारी की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित गीत, नुक्कड़ नाटक और नृत्य प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया। इसके बाद आवासीय परिसर स्थित गोल्फ ग्राउंड में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें संजय असाटी, नीलू असाटी सहित वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने पौधे लगाए। कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण, ऊर्जा बचत, प्लास्टिक के कम उपयोग, कचरे के पृथक्करण और वृक्षारोपण जैसे उपायों को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। कार्यक्रम का संचालन राघवेंद्र नारायण सिंह ने किया।
