- रिपोर्ट: शाहबाज़ खां
रामपुर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के राम रहीम पुल पर हुए सनसनीखेज गोलीकांड के मुख्य आरोपी रनवीर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग करने की कोशिश की, जिसके जवाब में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने बताया कि इससे पहले रवि नामक आरोपी की भी पुलिस से मुठभेड़ हुई थी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। वहीं मुख्य आरोपी रनवीर की तलाश लगातार की जा रही थी।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को रनवीर की मौजूदगी की सूचना मिली थी। पुलिस टीम जब उसे पकड़ने पहुंची तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में रनवीर के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल रामपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
गौरतलब है कि रनवीर वही आरोपी है जिसने कुछ दिन पहले राम रहीम पुल पर शाम के समय सतबीर नामक युवक के सिर में गोली मार दी थी। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
