हरियाणा में तीन दिन का मानसून सत्र ‘जेब फाड़ो और कोहनी मारो सत्र’ था : अभय चौटाला

Ellenabad, September 2 (डॉ एम पी भार्गव): इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला ने चंडीगढ़ में प्रेस वार्ता कर कहा कि हरियाणा विधानसभा का तीन दिन का मानसून सत्र पूरी तरह से ‘जेब फाड़ो और कोहनी मारो सत्र’ साबित हुआ। जनहित के मुद्दों पर कोई चर्चा नहीं हुई। इस सत्र में न जीरो आवर था, न प्रश्नकाल और विधायकों को बोलने के लिए सिर्फ 2-2 मिनट दिए गए।

चौटाला ने कहा कि प्रदेश में पिछले 29 दिनों से सफाईकर्मी हड़ताल पर हैं, उनकी बात दबा दी गई। उनकी मांगों को सुनने की बजाय उन पर लाठीचार्ज किया जा रहा है। हिसार में पुलिसकर्मी ने महिला सफाई कर्मचारी को लात मारी। अगर विपक्ष मजबूत होता तो ऐसी घटना नहीं होती।

उन्होंने कहा कि इनेलो ने 12 से ज्यादा ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लगाए थे, लेकिन बिगड़ती कानून व्यवस्था पर केवल एक ही स्वीकार किया गया। मुख्यमंत्री ने जवाब देने की बजाय 2000-2005 और कांग्रेस राज की बातें दोहराईं। सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी व जर्जर भवनों के कारण 1 लाख बच्चों के स्कूल छोड़ने और बढ़ते नशे पर भी कोई जवाब नहीं दिया गया।

अभय चौटाला ने कहा कि कांग्रेस-भाजपा मिले हुए हैं। इन्होंने कोई जनहित का मुद्दा नहीं उठाया। सरकार HKRN पर गुमराह कर रही है। मुख्यमंत्री कहते हैं 1 लाख लगे हैं, जबकि RTI में सिर्फ 17 हजार का आंकड़ा आया है।

उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री और राज्यपाल को पत्र लिखेंगे कि जब चर्चा ही नहीं करनी थी तो सत्र क्यों बुलाया। वे स्पीकर से भी मिलेंगे।
27 सितंबर को चौ. देवीलाल जयंती पर मेवात के 75 एकड़ के मैदान में बड़ी रैली की जाएगी, जहां 200×900 फुट का टेंट लगेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार दलितों पर अत्याचार कर रही है। सफाईकर्मियों की मांगे जायज हैं और इनेलो उनके साथ है।

उन्होंने एसवाईएल पर कहा कि पंजाब के पानी से हरियाणा डूबता है तो भरपाई पंजाब सरकार करे। हमारी सरकार आई तो हर हाल में एसवाईएल का पानी लाएंगे।

इस दौरान विधायक आदित्य देवीलाल, अर्जुन चौटाला, आरएस चौधरी, पूर्व डीजीपी एमएस मलिक सहित कई नेता मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.