फायर कर्मचारियों की बर्खास्तगी के विरोध में प्रतियां जलाकर किया रोष प्रदर्शन

Ellenabad, September 2 (एम पी भार्गव): ऐलनाबाद में फायर कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त किए जाने के विरोध में नगर पालिका कर्मचारी संघ एवं फायर कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बर्खास्त किए गए फायर कर्मचारियों को तत्काल सेवा में बहाल करने की मांग की।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कर्मचारी विनोद कुमार एवं रणवीर फौगदिया ने संयुक्त रूप से कहा कि सरकार द्वारा कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने जैसे तुगलकी फरमान जारी कर आंदोलन को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कर्मचारी सरकार के इस दमनात्मक रवैये के आगे झुकने वाले नहीं हैं। कर्मचारी अपने हक और रोजगार की सुरक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करते रहेंगे।

फायर यूनियन नेता सुरेन्द्र खिचड़ एवं नगर पालिका कर्मचारी यूनियन के नेता गोरी शंकर, मंजू ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान करने के बजाय उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है। आंदोलनरत कर्मचारियों पर जबरन मुकदमे दर्ज करवाकर उन्हें जेल भेजने का काम किया जा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार को 13 मई के निर्णय को लागू करना चाहिए तथा कर्मचारियों की बर्खास्तगी के तुगलकी फरमान को तत्काल वापस लेना चाहिए। कर्मचारियों को सेवाएं समाप्त करने की बजाय सरकार को उनके साथ बातचीत कर समस्या का समाधान करना चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान फायर यूनियन के सचिव सुरेंद्र खिचड़ एवं नगर पालिका कर्मचारी यूनियन के सचिव गौरीशंकर ने संयुक्त रूप से मंच का संचालन किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की एकता को तोड़ने और आंदोलन को दबाने के लिए चाहे सरकार कितने भी हथकंडे अपना ले, कर्मचारी पीछे हटने वाले नहीं हैं। कर्मचारी नेताओं ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बर्खास्त किए गए फायर कर्मचारियों को तत्काल बहाल नहीं किया गया और कर्मचारियों पर की जा रही कार्रवाई बंद नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार ने यदि कर्मचारियों की मांगों को अनदेखी जारी रखी तो यह आंदोलन अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा। कर्मचारी नेताओं ने प्रदेश सरकार से मांग की कि 13 मई के निर्णय को लागू करते हुए फायर कर्मचारियों को न्याय दिया जाए, बर्खास्तगी के आदेश वापस लिए जाएं, कर्मचारियों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं तथा जेल में बंद कर्मचारियों को तत्काल रिहा किया जाए।

इस प्रदर्शन के दौरान कर्मचारी नेता इन्द्र कुमार, रमेश हड्डू, सोनू त्रिया, अमरीत जांगड़ा किसान मौंगा कुलदीप सिंह, सुमित्रा, दीपा, पिंकी, सहित अनेक पदाधिकारियों ने सम्बोधित किया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.