धर्मांतरण विरोधी कानून से सुरक्षित हो रही देवभूमि की संस्कृति और परंपराएं: धामी सरकार के इस कदम की हो रही सराहना
- रिपोर्ट- जितेंद्र जोशी
उधम सिंह नगर, उत्तराखंड। देवभूमि उत्तराखंड की पावन संस्कृति, सनातन परंपराओं और सामाजिक मूल्यों की रक्षा के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उठाए गए कदमों की विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने सराहना की है। वक्ताओं का कहना है कि राज्य सरकार ने धर्मांतरण विरोधी कानून, लव जिहाद और लैंड जिहाद जैसे मुद्दों पर सख्त कदम उठाकर न केवल वर्तमान पीढ़ी बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को भी सुरक्षित करने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के लिए पूरे देश में जाना जाता है। देवभूमि की पवित्रता और सांस्कृतिक विरासत को बनाए रखने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। धर्मांतरण विरोधी कानून लागू होने के बाद भोले-भाले लोगों को बहकाकर या प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगी है।
वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने राज्य के सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक संरचना की रक्षा को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। इन फैसलों से उत्तराखंड विकास की राह पर आगे बढ़ने के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूत कर रहा है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि देवभूमि की संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए तथा राज्य के हित में उठाए जा रहे सकारात्मक कदमों का समर्थन करना चाहिए।
