- रिपोर्ट: सुरजीत सिंह
गाजियाबाद। पैरा खिलाड़ी चिराग त्यागी की हत्या के मामले में गाजियाबाद पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी चिराग का दोस्त और साथी पैरा खिलाड़ी है। मामले का खुलासा सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर किया गया।
जानकारी के मुताबिक, चिराग त्यागी का शव शनिवार को साईं उपवन क्षेत्र में मिला था। घटना की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें पता चला कि चिराग अपने एक दोस्त के साथ दिल्ली से ओला कैब के जरिए हिंडन क्षेत्र पहुंचे थे। इसके बाद दोनों साईं उपवन गए, जहां वारदात को अंजाम दिया गया।
जांच के आधार पर पुलिस ने मुरादनगर निवासी यश खटिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि यश और चिराग एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे और दोनों के बीच गहरी मित्रता थी।
डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि आरोपी यश खटिक भी पैरा खिलाड़ी है और पहले चिराग के साथ अभ्यास करता था। दोनों ने कई प्रतियोगिताओं में साथ हिस्सा लिया था। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि एक प्रतियोगिता के दौरान दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया में चिराग ने उसके खिलाफ शिकायत की थी, जिसके कारण उसका क्वालिफिकेशन रद्द हो गया था। इसी बात को लेकर वह चिराग से नाराज था।
पुलिस के मुताबिक, इसी रंजिश के चलते आरोपी ने चिराग त्यागी की गोली मारकर हत्या कर दी। परिजनों की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद करने का प्रयास कर रही है। मामले की जांच जारी है।
