रामपुर: ईद-उल-अज़हा के दिन एल.एल.बी. परीक्षा रखे जाने पर सैयद मोहतशम मुजतबा ने जिलाधिकारी को लिखित सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन
- रिपोर्ट: शाहबाज़ खां
रामपुर छात्र प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष एवं विधि छात्र सैयद मोहतशम मुजतबा ने आज जिलाधिकारी रामपुर को ज्ञापन सौंपकर महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय द्वारा ईद-उल-अज़हा (बकरीद) के दिन आयोजित की गई एल.एल.बी. परीक्षाओं की तिथि आगे बढ़ाए जाने की मांग की।
ज्ञापन में सैयद मोहतशम मुजतबा ने कहा कि ईद-उल-अज़हा मुस्लिम समाज का एक अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व है, जिसे लोग नमाज़, कुर्बानी एवं पारिवारिक परंपराओं के साथ मनाते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण पर्व के दिन परीक्षा आयोजित होने से हजारों मुस्लिम छात्र-छात्राओं को मानसिक, धार्मिक एवं सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।

सैयद मोहतशम मुजतबा ने जिलाधिकारी महोदय से मांग करते हुए कहा कि छात्रहित एवं धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से वार्ता कर परीक्षा की तिथि आगे बढ़वाई जाए, ताकि छात्र बिना किसी तनाव एवं परेशानी के अपनी परीक्षा दे सकें और अपने धार्मिक पर्व को भी शांति एवं सम्मान के साथ मना सकें।

इस अवसर पर सैयद मोहतशम मुजतबा ने कहा कि शिक्षा और धार्मिक स्वतंत्रता दोनों संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकार हैं, इसलिए विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रों की भावनाओं एवं परिस्थितियों को गंभीरता से समझना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान काँ सभी छात्रों ने भी सैयद मोहतशम मुजतबा के नेतृत्व में परीक्षा तिथि परिवर्तन की मांग का समर्थन किया और प्रशासन से मदद करने की अपील की।
