- रिपोर्ट: सुरजीत सिंह
रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहे गुरमीत राम रहीम सिंह को एक बार फिर पैरोल मिल गई है। अगस्त 2017 में दो शिष्याओं से रेप के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद यह 16वीं बार होगा, जब राम रहीम जेल से बाहर आएंगे।
रिपोर्ट्स के अनुसार जिला प्रशासन और पुलिस ने जेल परिसर के बाहर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की है। पैरोल के दौरान राम रहीम डेरा सच्चा सौदा के सिरसा स्थित मुख्यालय में रहेंगे। हालांकि उन्हें अनुयायियों की भीड़ जुटाने की अनुमति नहीं दी गई है, लेकिन वे वर्चुअल माध्यम से अपने समर्थकों को संबोधित कर सकते हैं।
इससे पहले राम रहीम 5 जनवरी को 40 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आए थे। वहीं अगस्त 2025 में उन्हें जन्मदिन मनाने के लिए 40 दिन की पैरोल मिली थी। अप्रैल 2025 में 21 दिन की फरलो और जनवरी 2025 में दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले 30 दिन की पैरोल भी दी गई थी।
राम रहीम को अगस्त 2017 में पंचकूला की विशेष अदालत ने दो साध्वियों से दुष्कर्म के मामले में दोषी ठहराते हुए 20 साल की सजा सुनाई थी। अदालत ने दोनों पीड़ितों को 15-15 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश भी दिया था। फैसले के बाद पंचकूला और सिरसा में हिंसा भड़क गई थी, जिसमें 40 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद उन्हें हेलीकॉप्टर के जरिए रोहतक की सुनारिया जेल लाया गया था।
मार्च 2024 में Punjab and Haryana High Court ने पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्या मामले में राम रहीम को बरी कर दिया था। वहीं डेरा के पूर्व मैनेजर रंजीत सिंह हत्या मामले में भी उन्हें राहत मिली थी। हालांकि वे अभी भी रेप मामले में 10-10 साल की कठोर कैद की सजा काट रहे हैं।
राम रहीम के खिलाफ अपने अनुयायियों को कथित रूप से नपुंसक बनाने का मामला भी चल रहा है। हालांकि उन्होंने इन आरोपों से इनकार किया है।
