कुत्तो ने मार दिए मोर- अफ़सर का गोत्र भी मोर- सुरक्षा गार्ड ने ऐसे बताया “सर कुत्ते 🐕 राष्ट्रीय पक्षी को खा गए”

गुस्ताखी माफ़ हरियाणा— पवन कुमार बंसल

जो है नाम वाला, वही तो बदनाम है। जब साहिब का सरनेम ही ‘मोर’ हो, तो सुरक्षा गार्ड भी सोच में पड़ जाए कि बात कैसे कही जाए।
हरियाणा के रिटायर्ड आईएएस अधिकारी बलराज मोर उन दिनों सोनीपत शुगर मिल में मैनेजिंग डायरेक्टर थे। मिल परिसर में होने वाली हर छोटी-बड़ी घटना की सूचना सुरक्षा अधिकारी को सीधे बॉस तक पहुँचानी होती थी।
एक दिन सुरक्षा अधिकारी बड़ा परेशान-सा होकर साहिब के कमरे में पहुँचा। हिचकिचाते हुए बोला,
“जनाब… कल शाम कुछ कुत्तों ने…।”
और फिर चुप हो गया।
बलराज मोर ने पूछा,
“अरे भाई, साफ-साफ बताओ, क्या हुआ?”
गार्ड ने हिम्मत जुटाई और धीरे से बोला,
“जनाब, कल शाम कई कुत्ते राष्ट्रीय पक्षी मोर को मार कर खा गए।”
इतना सुनते ही बलराज मोर पूरा माजरा समझ गए और अपनी हँसी नहीं रोक सके।
असल परेशानी यह थी कि गार्ड सीधे-सीधे कैसे कहता कि
“कुत्ते मोर खा गए!”
दुमछल्ला :
हरियाणा सिर्फ लाल पैदा करने के लिए ही मशहूर नहीं, यहाँ के लोग अपनी हाजिरजवाबी और देसी बुद्धि के लिए भी जाने जाते हैं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.