बिलासपुर की हरिनगर कॉलोनी में रविवार शाम समाजवादी पार्टी के नए कार्यालय का उद्घाटन किया गया। सपा नेताओं ने इसे मिशन 2027 की अहम कड़ी बताते हुए आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का बिगुल फूंका। इस दौरान आयोजित सभा में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा गया। साथ ही मोहम्मद आजम खां के साथ हो रहे कथित “अन्याय” का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया गया और पार्टी कार्यकर्ताओं से अपनी आवाज और ताकत बुलंद करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में सपा के जिलाध्यक्ष अजय सागर ने फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया। इससे पहले पार्टी की ओर से एक बड़ी सभा का आयोजन किया गया, जिसमें सपा के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी आसिम राजा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
अपने संबोधन में आसिम राजा ने पीडीए की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि मिशन 2027 के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनना तय है।
वहीं, पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक प्रमोद गंगवार ने भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि अब जनता सरकार की असलियत समझ चुकी है और आने वाला समय समाजवादी पार्टी का है।
सभा में मौजूद अन्य वक्ताओं ने भी भाजपा सरकार पर कई आरोप लगाते हुए तीखे हमले किए। कार्यक्रम के दौरान “जय-जय अखिलेश” और “आजम खां जिंदाबाद” के नारों से माहौल गूंजता रहा।
