लखीसराय में लगेगा AI ट्रैफिक कैमरा, शहीद द्वार और विद्यापीठ चौक में होगी निगरानी

लखीसराय(सरफराज आलम) लखीसराय शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को हाईटेक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और बढ़ती दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए लखीसराय में पहली बार एआई आधारित ट्रैफिक कैमरा लगाने की योजना बनाई गई है।

जानकारी के अनुसार शहर के सबसे व्यस्त इलाकों पुरानी बाजार स्थित शहीद द्वार और विद्यापीठ चौक को इसके लिए चिन्हित किया गया है। इन स्थानों पर इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) के तहत अत्याधुनिक कैमरे लगाए जाएंगे।

परिवहन विभाग द्वारा जारी निर्देश के बाद जिला परिवहन कार्यालय और ट्रैफिक पुलिस चयनित स्थलों का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करने में जुट गई है।

एआई कैमरे लगने के बाद ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर डिजिटल नजर रखी जाएगी। बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने और रेड लाइट जंप करने वालों का ऑटोमेटिक चालान कटेगा। जुर्माने की सूचना सीधे वाहन मालिक के मोबाइल पर मैसेज के जरिए भेजी जाएगी। जिले के डीटीओ मुकुल पंकज मणि ने बताया कि इस नई व्यवस्था से शहर में यातायात व्यवस्था सुधरेगी और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.