नगरपालिका प्रशासन ने बीच में छोड़ा पाइपलाइन डालने का काम, दुकानदार व आम लोग परेशान

काम को अति शीघ्र पूरा करने की मांग

ऐलनाबाद , 24 मई( एम पी भार्गव ) : आज से करीब 3 साल पहले एक पाइप लाइन डालने के लिए शहर के सतगुरु राम सिंह चौक से लेकर डबवाली रोड तक की सड़क की इंटरलॉक टाइल उखड़ी गई थी जो पाइपलाइन डालने के बाद टाइल दोबारा नहीं लगाई गई, बाद में दुकानदारों ने अपने खर्चे पर अपनी दुकानों के आगे टाइल लगवाई थी अब एक महीना पहले फिर नगर पालिका प्रशासन ने सतगुरु राम सिंह चौक से लेकर डबवाली रोड, नहर तक की दोनों साइडों की टाइल उखाड़ दी गई है और एक तरफ पाइपलाइन डालने का काम शुरू किया है जो पिछले 20 दिन से अधर में लटक रहा है, जिसके चलते दुकानदार परेशान है। दुकानदारों सरबजीत सिद्धू ,प्रेम कुमार निराणिया,प्रिंस, लादूराम, राकेश कंबोज, हरजिंदर सिंह, राकेश कुमार, विजय कुमार, त्रिलोक सिंह, गोविंद, कुंदन मेहता, डॉक्टर जगदीप सिंह, गोविंद गोयल, मानसिंह, विनोद मीणा ने बताया कि अब यहां सारा दिन धूल मिट्टी के गुबार उड़ने के कारण यहां दुकानों में बैठना मुश्किल हो रहा है, वहीं दुकानों में पड़ा सारा सामान खराब हो रहा है और सारा दिन ट्रैफिक जाम रहता है। दुकानदारों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि इस कार्य में तेजी लाकर जल्द से जल्द काम समाप्त करें ताकि आम लोगों व दुकानदारों को राहत मिल सके।
क्या कहते हैं नगरपालिका सचिव
इस समस्या संबंधी नगर पालिका सचिव रविंद्र सिंह ने कहा कि वहां के कुछ दुकानदारों द्वारा इस पाइपलाइन डाले जाने में ठेकेदार द्वारा अनियमिताएं बरतें जाने की शिकायत आई थी, जिसके चलते एक बार इस पाइपलाइन का काम रोक दिया गया था । अब ठेकेदार को बुलाकर यह काम एक-दो दिन में शुरू करवा दिया जाएगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.