बदायूं में आगामी ईद-उल-अज़्हा पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस लाइन स्थित विवेकानंद हॉल में पीस कमेटी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने की।
बैठक में जनपद के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया। अधिकारियों ने सभी से त्योहार को आपसी भाईचारे, सौहार्द और समन्वय के साथ मनाने की अपील की।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कुर्बानी खुले स्थान पर बिल्कुल न की जाए, ताकि किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हों और वातावरण भी स्वच्छ बना रहे। साथ ही लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध या असामाजिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया।
बैठक में अफवाहों से बचने और किसी भी जानकारी की पुष्टि प्रशासनिक अधिकारियों से करने की अपील भी की गई। सोशल मीडिया पर भड़काऊ, गलत या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने तथा ऐसे कमेंट से बचने की सलाह दी गई, जिससे किसी समुदाय की धार्मिक भावनाएं प्रभावित हों।
इस दौरान एडीएम अरुण कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, एसडीएम बिसौली साईं अश्रित शकमुरी, क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।
