रामपुर। जनपद रामपुर समेत पूरे उत्तर प्रदेश में कई रेस्टोरेंट संचालकों पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने के आरोप लग रहे हैं। इसी बीच रामपुर के पान दरीबा स्थित मशहूर नवाब फूड रेस्टोरेंट को लेकर गंभीर शिकायत सामने आई है। आरोप है कि रेस्टोरेंट में पुराने और खराब तेल का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है।
बताया जा रहा है कि रेस्टोरेंट में टॉयलेट के बराबर में बर्तन धोए जा रहे हैं, जिसका वीडियो भी सामने आया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां दूर-दूर से लोग खाना खाने आते हैं, लेकिन खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर गंभीर लापरवाही बरती जा रही है।
राष्ट्रीय लोक दल भाजपा गठबंधन के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश महासचिव रोहिलखंड प्रभारी मोहम्मद उस्मान ने मामले को गंभीर बताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि गलत रिफाइंड ऑयल और पुराने तेल का इस्तेमाल लोगों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ है, जिससे हार्ट अटैक, कैंसर और लकवा जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
मोहम्मद उस्मान ने जिला प्रशासन, फूड इंस्पेक्टर और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मामले की जांच कर नवाब फूड रेस्टोरेंट के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि वे अपनी सेहत का ध्यान रखें और साफ-सुथरे एवं सुरक्षित स्थानों पर ही भोजन करें।
