लखीसराय में “सितारा सप्ताह” का समापन, उभयलिंगी व्यक्तियों के अधिकारों पर चला जागरूकता अभियान

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) नई दिल्ली, बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (BALSA) पटना तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) लखीसराय के तत्वावधान में 4 मई 2026 से 8 मई 2026 तक “सितारा सप्ताह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन DLSA लखीसराय के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहम्मद सैयद शब्बीर आलम तथा प्राधिकार के सचिव एवं अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विद्यानंद सागर के निर्देशानुसार किया गया।
इस अभियान के दौरान पैनल अधिवक्ता सीतेश सुधांशु एवं पारा विधिक स्वयंसेवक बटोही यादव द्वारा विधिक जागरूकता शिविर, स्वास्थ्य कैंप, लीगल एड क्लीनिक कैंप, पहचान पत्र कैंप, स्किल डेवलपमेंट कैंप, पुलिस सेंसिटाइजेशन एवं कम्युनिटी इंटरेक्शन कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का विधिवत समापन किऊल पुलिस स्टेशन में किया गया।
अधिवक्ता सीतेश सुधांशु ने बताया कि उभयलिंगी व्यक्तियों के साथ भेदभाव करना एक सामाजिक बुराई है। इसे रोकने और समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से “उभयलिंगी व्यक्तियों का एकीकरण, पुनर्वास एवं न्याय तक पहुंच योजना 2023 (सितारा 2023)” लागू की गई है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत प्रत्येक व्यक्ति को जीवन एवं दैहिक स्वतंत्रता का अधिकार प्राप्त है, जिसमें उभयलिंगी व्यक्ति भी शामिल हैं। वहीं अनुच्छेद 39(ए) के तहत सामान्य एवं निःशुल्क विधिक सहायता का अधिकार भी उन्हें प्राप्त है।
सितारा योजना के अंतर्गत उभयलिंगी व्यक्तियों को बुनियादी अधिकारों एवं कल्याणकारी योजनाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने, राज्य, जिला एवं उपमंडल स्तर पर विधिक सहायता सेवाओं को मजबूत करने तथा विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से जागरूकता फैलाने का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पारा विधिक स्वयंसेवकों एवं छात्रों की मदद से विधिक सहायता केंद्र और साक्षरता क्लब भी संचालित किए जा रहे हैं।
बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उभयलिंगी व्यक्तियों को न्यायालय संबंधी विधिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं पटना उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण समय पर विधिक सहायता उपलब्ध कराने को लेकर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.