सफाई कर्मचारियों की मांगें पूरी करे सरकार: अंजनी लढ़ा

ऐलनाबाद 08 मई ( एम पी भार्गव ) हरियाणा की जननायक जनता पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष अंजनी लढ़ा ने पिछले कई दिनों से हरियाणा के नगर निकायों में चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का समर्थन करते हुए सरकार से उनकी मांगों को अविलंब पूरा करने को कहा है। शुक्रवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को सफाई कर्मचारियों से संवाद कर उनकी सभी मांगें पूरी करनी चाहिएं और तुरंत हड़ताल खत्म करवाकर शहरों में बिगड़ी सफाई व्यवस्था को संभालना चाहिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी स्वच्छ शहरों की सबसे अहम कड़ी हैं। ऐसे में सरकार को कर्मचारियों की मांगों पर तुरंत सकारात्मक कदम उठाते हुए उनका समाधान करना चाहिए। लढ़ा ने कहा कि सफाई कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, मगर राज्य सरकार उनके प्रति पूरी तरह उदासीन है। उन्होंने कहा कि सरकार ने रोजगार व्यवस्था को मजाक बनाकर रखा है पात्रों को स्थायी रोजगार देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। हड़ताल पर गए कर्मचारियों को धमकी देकर उनकी आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जो उनके साथ अन्याय है। प्रदेश कोषाध्यक्ष अंजनी लढ़ा ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते प्रदेशभर में मुख्य सडक़ों पर कचरे के ढेर लग चुके हैं और घरों में डस्टबिन भर गए हैं। कई दिनों से सफाई नहीं होने के कारण बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ रहा है जिससे आमजन परेशान हैं, लेकिन सरकार इस ओर गंभीर नहीं है। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह अपनी कर्मचारी विरोधी नीतियों को छोडक़र सफाई कर्मचारियों से तुरंत वार्ता करे और उनकी सभी मांगों को बिना देरी पूरा करे। अंजनी लढ़ा ने कहा कि सफाई कर्मचारी प्रदेशभर में दिनरात मेहनत करके शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखते हैं, इसलिए सरकार को उनके अधिकारों का सम्मान
करते हुए जल्द समाधान निकालना चाहिए।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.