दीक्षांत परेड में गूंजा ‘जीरो टॉलरेंस’ का संदेश, 293 प्रशिक्षु आरक्षियों ने ली सेवा व राष्ट्र निष्ठा की शपथ

  • रिपोर्ट- कपिल सिंह

बाराबंकी। रिजर्व पुलिस लाइन्स परेड ग्राउंड में, प्रशिक्षु आरक्षियों के आधारभूत प्रशिक्षण समापन के उपरांत दीक्षांत परेड समारोह का आयोजन किया गया। दीक्षांत परेड समारोह के मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक, कानून एवं व्यवस्था उ0प्र0 अभिताभ यश द्वारा सलामी लेने के पश्चात परेड का निरीक्षण किया गया।

मुख्य अतिथि व पुलिस अधीक्षक द्वारा कठिन प्रशिक्षण को पूरा करने के लिए प्रशिक्षु आरक्षियों के समर्पण और कड़ी मेहनत की सराहना की गयी, तथा कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, नागरिकों की सेवा करने, ईमानदारी, और पेशेवर पुलिसिंग के प्रति प्रतिबद्धता का आह्वान, जनता से मैत्रीपूर्ण संबंध और अपराध के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कार्य करने हेतु प्रेरित किया गया साथ ही राष्ट्र की एकता और अखण्डता सुनिश्चित करने की शपथ दिलायी गयी।

दीक्षांत परेड में कुल 12 टोलियों के 293 प्रशिक्षु आरक्षियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा प्रथम परेड कमाण्डर प्रशिक्षु आरक्षी वैभव दीक्षित, द्वितीय परेड कमाण्डर प्रशिक्षु आरक्षी अभय प्रताप सिंह, तृतीय परेड कमाण्डर प्रशिक्षु आरक्षी अंकित सिंह तोमर व अंतः विषयों के योग में सर्वोत्तम अंक लाने हेतु प्रशिक्षु आरक्षी प्रिंशू सिंह, वाह्य विषयों के योग में सर्वोत्तम अंक लाने वाले साथ ही सर्वांग सर्वोत्तम प्रशिक्षु आरक्षी उदित प्रताप सिंह को पुरस्कृत करते हुए सम्मानित किया गया।

प्रशिक्षु आरक्षियों के प्रशिक्षण में योगदान देने वाले समस्त पुलिस कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी रितेश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विकास चन्द्र त्रिपाठी व समस्त क्षेत्राधिकारी व प्रतिसार निरीक्षक, आरटीसी प्रभारी व अन्य/अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.