एटा में शिक्षक ने लगाया मनमानी तरीके से हटाने का आरोप, जिला विद्यालय निरीक्षक से लगाई न्याय की गुहार

एटा, 24 अप्रैल 2026। जनपद एटा के जी.टी. रोड स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में कार्यरत एक शारीरिक शिक्षक ने विद्यालय प्रबंधन पर मनमाने तरीके से सेवा समाप्त करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित शिक्षक राजेश कुमार ने इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की मांग की है।

प्रार्थना पत्र में राजेश कुमार ने बताया कि वह 1 अप्रैल 2023 से विद्यालय में शारीरिक शिक्षक के रूप में कार्यरत थे और पूरे तीन वर्षों तक उन्होंने पूरी लगन और मेहनत से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उन्होंने विद्यालय द्वारा दिए गए सभी कार्यों और कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाई।

शिक्षक का आरोप है कि 10 मार्च 2026 को विद्यालय के वरिष्ठ लिपिक द्वारा मनमाने ढंग से 1 मार्च 2026 की तिथि अंकित करते हुए 31 मार्च को सेवा समाप्ति का नोटिस दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनसे जबरन 1 मार्च की तिथि में हस्ताक्षर कराए गए।

राजेश कुमार के अनुसार, उनके साथ नियुक्त अन्य शिक्षकों को बाद में विद्यालय में कार्य करने दिया गया, जबकि उन्हें विद्यालय प्रबंधन की ओर से 31 मार्च के बाद आने से रोक दिया गया। उन्होंने विद्यालय के प्रबंधक अतुल राठी पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह कार्रवाई बिना किसी ठोस कारण के और पूर्व नियोजित रणनीति के तहत की गई है।

पीड़ित शिक्षक ने इसे अमानवीय व्यवहार बताते हुए कहा कि यह कदम संस्था के नियमों और आपसी अनुबंध के विरुद्ध है। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने तथा उन्हें अनुभव प्रमाण पत्र, सेवा पुस्तिका और अनुबंध की प्रमाणित प्रति उपलब्ध कराने की मांग की है।

फिलहाल मामले को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से जांच की उम्मीद जताई जा रही है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.