जिले में घरेलू गैस सप्लाई सामान्य, की जा रही होम डिलीवरी

ऐलनाबाद , 05 अप्रैल( एमपी भार्गव ) जिला में घरेलू गैस की सप्लाई सामान्य और सुचारू रूप से जारी है। गत दिवस कुल 6561 घरेलू गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी की गई। विभाग की टीमों द्वारा लगातार एजेंसियों का निरीक्षण किया जा रहा है और नियमित रूप से स्टॉक की जानकारी ली जा रही है, ताकि कहीं भी किसी प्रकार की कमी न हो। यदि कहीं गैस आपूर्ति में कोई अनियमितता नजर आती है, तो इसकी सूचना तुरंत हेल्पलाइन नम्बर 01666- 248422 पर दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक हरवीर सिंह ने कहा कि जिलावासी केवल आवश्यकता अनुसार ही गैस सिलेंडर प्राप्त करें और अनावश्यक रूप से सिलेंडरों का संग्रह न करें। उन्होंने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और सभी एजेंसियों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उपभोक्ताओं को गैस की डिलीवरी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही की जा रही है। उन्होंने गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि उपभोक्ताओं से तय कीमत से अधिक राशि न वसूली जाए। यदि कोई एजेंसी या व्यक्ति निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी या अवैध उपयोग पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे। इसके अलावा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने जिला वासियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि कहीं गैस आपूर्ति में कोई अनियमितता नजर आती है, तो इसकी सूचना तुरंत हेल्पलाइन नम्बर पर दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.