भारत के लिए खुला होर्मुज जलडमरूमध्य, ईरान ने दी सुरक्षित मार्ग की अनुमति

मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच ईरान ने बड़ा फैसला लेते हुए भारत समेत पांच देशों के जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दे दी है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने स्पष्ट किया है कि यह महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पूरी तरह बंद नहीं किया गया है।

ईरानी सरकारी टीवी को दिए इंटरव्यू में अब्बास अराघची ने कहा कि जिन देशों के साथ ईरान के दोस्ताना संबंध हैं, उनके जहाजों को सुरक्षित मार्ग प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भारत के अलावा रूस, चीन, पाकिस्तान और इराक के जहाजों को भी इस जलमार्ग से गुजरने की अनुमति दी गई है।

अराघची के अनुसार, कई देशों और जहाज मालिकों ने ईरान से संपर्क कर सुरक्षित मार्ग की मांग की थी, जिसके बाद ईरानी सेनाओं ने मित्र देशों के जहाजों को सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराया। उन्होंने यह भी कहा कि यह व्यवस्था आगे भी जारी रह सकती है।

हालांकि ईरान ने साफ कर दिया है कि अमेरिका, इजरायल और मौजूदा संघर्ष में शामिल कुछ खाड़ी देशों के जहाजों को इस जलमार्ग से गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उनका कहना है कि यह क्षेत्र फिलहाल युद्ध क्षेत्र है और दुश्मन देशों के जहाजों को यहां से गुजरने देने का कोई कारण नहीं है।

गौरतलब है कि अमेरिका और इजरायल के साथ तनाव बढ़ने के बाद ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को आंशिक रूप से बंद कर दिया था। यह मार्ग वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जहां से दुनिया का लगभग 20 प्रतिशत तेल और गैस गुजरता है। इस आंशिक नाकेबंदी के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल और गैस की कीमतों में उछाल देखा गया था।

ईरान के इस फैसले से भारत समेत कई देशों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो ऊर्जा आपूर्ति के लिए इस मार्ग पर निर्भर हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.