आमजन की समस्याओं का त्वरित व स्थायी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता: एडीसी वीरेंद्र सहरावत

ऐलनाबाद, मार्च (एम.पी. भार्गव) जिला प्रशासन द्वारा खंड रानियां के गांव दारेवाला की राजकीय प्राथमिक पाठशाला में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत ने गांव दारेवाला व आसपास के क्षेत्रों से आए ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

इस अवसर पर एसडीएम ऐलनाबाद पारस भागोरिया, जिला परिषद के सीईओ डॉ. सुभाष चंद्र, डीएसपी आदर्शदीप सिंह, डीडीपीओ बलजीत सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता साईं, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यवान ढिलोड, उप निदेशक कृषि डॉ. सुखदेव सिंह, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. सुखविंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत व अन्य अधिकारियों ने स्कूल परिसर में पौधारोपण भी किया।

रात्रि ठहराव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। इनमें से कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया गया।

कार्यक्रम के तहत दिन में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने आमजन को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया और पात्र लाभार्थियों का मौके पर पंजीकरण भी किया।

अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि ग्रामीण स्तर पर ही समस्याओं का समाधान हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.