सूर्यगढ़ा में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, कारीगरों को स्वरोजगार के लिए किया गया प्रेरित

लखीसराय(सरफराज आलम)सूर्यगढ़ा में मंगलवार को जिला प्रशासन की ओर से प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्रा ने किया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों एवं शिल्पकारों को योजना के प्रावधानों, विपणन, वित्तीय प्रबंधन और डिजिटल सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रेरित करना था।कार्यक्रम की शुरुआत सहायक निदेशक (ग्रेड–I), MSME-DFO पटना श्री एस. के. वर्मा के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने योजना के उद्देश्यों, लाभों,यू कौशल उन्नयन, टूलकिट सहायता, ऋण सुविधा और बाजार से जुड़ाव जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्रा ने अपने संबोधन में कारीगरों को उत्पादों की बेहतर पैकेजिंग, ब्रांडिंग और ऑनलाइन मार्केटप्लेस के माध्यम से व्यापक बाजार तक पहुंच बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों को अपनाकर कारीगर अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं।इस अवसर पर क्षेत्रीय निदेशक, RDSDE बिहारआर. सी. मंडल ने प्रशिक्षण के बाद कारीगरों को आने वाली चुनौतियों पर चर्चा करते हुए संस्थागत सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं जिला उद्योग केंद्र (DIC) लखीसराय के महाप्रबंधक श्री रूपेश कुमार झा ने राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।लीड बैंक मैनेजर संजीत कुमार ने बैंकिंग सेवाओं, ऋण सुविधा और डिजिटल भुगतान के महत्व को रेखांकित करते हुए कारीगरों को औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।तकनीकी सत्र में विशेषज्ञों ने भी अपने विचार साझा किए। पंकज कुमार ने विपणन और बिक्री रणनीति, श्री गौरव कुमार ने वित्तीय प्रबंधन एवं डिजिटल साक्षरता, जबकि इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के सत्यपाल कुनाल ने डिजिटल भुगतान प्रणाली की जानकारी दी।
कार्यक्रम का समन्वय MSME-DFO पटना के यंग प्रोफेशनल हर्ष राज द्वारा किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय कारीगरों एवं शिल्पकारों ने भाग लिया और योजना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।अंत में प्रतिभागियों ने ऐसे कार्यक्रमों को कौशल विकास, उद्यमिता प्रोत्साहन और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए उपयोगी बताया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.