बिहार दिवस-2026 के अवसर पर डीएम मिथलेश मिश्र की अध्यक्षता में नगर भवन,में “उद्यमी संवाद” कार्यक्रम का आयोजन
लखीसराय(सरफराज आलम)बिहार दिवस-2026 के अवसर पर जिला पदाधिकारी, लखीसराय मिथलेश मिश्र की अध्यक्षता में नगर भवन,लखीसराय में “उद्यमी संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में उद्यमिता को बढ़ावा देना तथा वर्तमान एवं भावी उद्यमियों की समस्याओं एवं सुझावों पर विचार-विमर्श करना था।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने उद्यमियों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा उन्हें अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार एवं उद्यमिता के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं।
बिहार उद्यमी संघ के प्रतिनिधि श्री पंकज कुमार एवं श्री रंजय कुमार ने उद्यमियों के समक्ष मार्केटिंग एवं स्टार्टअप से जुड़ी प्रमुख चुनौतियों को रखा। उन्होंने बताया कि नए उद्यमियों को अपने उत्पाद के लिए बाजार उपलब्ध कराना, ब्रांडिंग करना, डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करना तथा प्रतिस्पर्धा का सामना करना प्रमुख चुनौतियां हैं। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि उद्यमियों को ई-कॉमर्स, सोशल मीडिया मार्केटिंग एवं नेटवर्किंग पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
एफपीओ बरहिया के अध्यक्ष श्री अभिनव कुमार ने किसानों एवं उद्यमियों को एफपीओ (Farmer Producer Organization) के गठन के लाभों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एफपीओ बनाकर किसान एवं छोटे उद्यमी सामूहिक रूप से सरकारी योजनाओं का लाभ ले सकते हैं, बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त कर सकते हैं तथा उत्पादन, प्रोसेसिंग एवं मार्केटिंग में लागत को कम कर सकते हैं।
कार्यक्रम में जिले के कई उद्यमी एवं भावी उद्यमी भी शामिल हुए, जिन्होंने अपनी समस्याओं एवं सुझावों को साझा किया। जिला प्रशासन द्वारा सभी मुद्दों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया गया।जिला पदाधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए जिले में उद्यमिता के समग्र विकास हेतु सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।कार्यक्रम में महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, लखीसराय रुपेश कुमार झा,वरीय उपसमाहर्ता समाहर्ता शशि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
