बदायूँ (संजना भारती, ब्यूरो प्रमुख/इन्तजार हुसैन)। मंच की समृद्ध काव्य परंपरा को समर्पित ‘आचमन कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह’ का आयोजन इस वर्ष भी आचमन फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 5 अप्रैल को बदायूँ क्लब में आयोजित होगा, जिसमें देश के प्रसिद्ध कवि शिरकत करेंगे।
फाउंडेशन की संस्थापक डॉ. सोनरूपा विशाल ने बताया कि इस बार कवि सम्मेलन के साथ ‘पुस्तक वीथिका’ का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें बदायूँ जनपद के साहित्यकारों की पुस्तकों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। उन्होंने जानकारी दी कि इच्छुक साहित्यकार 25 मार्च तक अपनी पुस्तकों की पाँच प्रतियाँ उनके पते ‘सृजन’, प्रोफेसर कॉलोनी पर भेज सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान जनवरी में आयोजित ‘डॉ. उर्मिलेश वन्दे मातरम् काव्य प्रतियोगिता’ के विजेताओं को भी सम्मानित किया जाएगा। विजेताओं को कार्यक्रम में सादर आमंत्रित किया गया है।
इस अवसर पर कई विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहेंगे। आयोजकों ने शहरवासियों एवं आसपास के क्षेत्रों के काव्य प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
