लखीसराय में अवैध बालू खनन पर पुलिस की कार्रवाई,ट्रैक्टर चालक ने कुचलने की कोशिश;मुखिया पति समेत कई नामजद
तेतरहाट थाना क्षेत्र के नोनगढ़ में हंगामा,अवैध बालू ढोने का विरोध करने पर पुलिस को दी गई धमकी
लखीसराय(सरफराज आलम)जिले के तेतरहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत नोनगढ़ गांव में अवैध बालू खनन और परिवहन को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को रोकने पहुंची पुलिस टीम को ट्रैक्टर चालक ने कुचलने की कोशिश कर दी। इस घटना में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह पीटीसी अखिलेश पासवान के नेतृत्व में तेतरहाट थाना की पुलिस टीम गश्ती पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि किऊल नदी घाट से एक ट्रैक्टर पर अवैध बालू लोड कर ले जाया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक पलटन रजक ने ट्रैक्टर से पुलिस टीम को कुचलने की कोशिश कर दी। पुलिस ने किसी तरह अपनी जान बचाई और ट्रैक्टर का पीछा किया। इस दौरान चालक रास्ते में बालू गिराकर ट्रैक्टर लेकर नोनगढ़ पंचायत की मुखिया के पति दिलीप यादव के घर पहुंच गया। आरोप है कि वहां 20–25 ग्रामीणों को इकट्ठा कर पुलिस कार्रवाई का विरोध किया गया, अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और पुलिस को ट्रैक्टर ले जाने से रोक दिया गया। साथ ही पुलिस वाहन तोड़ने और मारपीट की धमकी भी दी गई। घटना के आधार पर तेतरहाट थाना में पीटीसी अखिलेश पासवान के बयान पर ट्रैक्टर चालक पलटन रजक, वाहन मालिक, मुखिया पति दिलीप यादव सहित अन्य ग्रामीणों के खिलाफ अवैध बालू परिवहन, सरकारी कार्य में बाधा और धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने घटना से जुड़े तीन वीडियो भी साक्ष्य के रूप में संलग्न किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि जिस मुखिया पति दिलीप यादव का नाम इस मामले में सामने आया है, उनकी पत्नी जूली देवी नोनगढ़ पंचायत की मुखिया हैं और लखीसराय जिले में एक चर्चित चेहरा मानी जाती हैं। जूली देवी सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती हैं और अक्सर जिला प्रशासन के कार्यक्रमों में लखीसराय के डीएम मिथिलेश मिश्र के साथ मंच साझा करती दिखाई देती हैं।ऐसे में अब बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है कि क्या सोशल मीडिया की सक्रियता और प्रशासनिक कार्यक्रमों में मौजूदगी के आड़ में पंचायत क्षेत्र में अवैध बालू का खेल चल रहा था?कमोबेस यही स्थिति किऊल थाना क्षेत्र इलाके का भी है। किऊल पुलिस की मिली भगत से बालू माफिया काफी सक्रिय हैं।
