गाजियाबाद। अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मार्च 2026 को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने मुरादनगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 33 बीघा क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के निर्देश पर प्रभारी प्रवर्तन जोन-02 के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग मामलों में अवैध रूप से की जा रही प्लॉटिंग और निर्माण को ध्वस्त किया गया।
प्राधिकरण के अनुसार, खसरा संख्या-153 पर हनुमान मंदिर बंबा रोड, शोभापुर से बसंतपुर सैंथली मार्ग, ग्राम बसंतपुर सैंथली (गाजियाबाद) में लगभग 8 बीघा भूमि पर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। इसके अलावा खसरा संख्या-130 फतेहपुर, सीकेड़ा रोड, मोदीनगर में करीब 15000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में प्लॉटिंग की जा रही थी। वहीं खसरा संख्या-266, 267 और 269 रावली रोड, चुंगी नंबर-3 से पाइप लाइन रोड, ग्राम सरना मुरादनगर में करीब 10 बीघा भूमि पर कच्ची सड़कों और चिनाई कार्य के जरिए अवैध कॉलोनी बसाई जा रही थी।
जीडीए द्वारा जारी ध्वस्तीकरण आदेश के अनुपालन में इन स्थानों पर बनाई गई सड़कें, बाउंड्री वॉल, साइट ऑफिस और अन्य निर्माण बुलडोजर से ध्वस्त कर दिए गए।
कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजर और निर्माणकर्ताओं की ओर से भारी विरोध भी किया गया, लेकिन पुलिस और प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए सभी अवैध निर्माण को गिरा दिया।
ध्वस्तीकरण के समय मौके पर सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-2 का स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ता मौजूद रहा। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
